“बार बार रघुबीर सँम्हारी……!!!!!”

“बार बार रघुबीर सँम्हारी।”
*****
पुण्यमयी रामनवमी पर महापुरुषों का विशेष संदेश…..!!!!!
(रामचरित मानस)
****************
यह ‘मानस’ है। मानस कहते हैं- मन को, अंत:करण को। ‘रामचरितमानस’ अर्थात् राम के वे चरित्र जो मन में प्रवाहित हैं। इसमें संसार ही समुद्र है, वैराग्यवान् पुरुष ही इसका पार पाता है।
निसिचरि एक सिन्धु महुँ रहई। करि माया नभु के खग गहई।।
जीव जन्तु जे गगन उड़ाहीं। जल बिलोकि तिन्ह कै परिछाहीं।।
(मानस, 5/2/1-2)
सिन्धु में एक निशिचरी रहती थी। ‘या निशा सर्वभूतानां तस्यां जागर्ति संयमी।’ (गीता, 2/69)- इस जगतरूपी निशा में, चलने और चलानेवाली है, इसीलिए इसका नाम निशिचरी है। यह भवसिंधु में रहती है, और समुद्र में जिसकी परछाईं पड़ती है उसे दबोच लेती है, फिर वह नीचे गिर जाता है।
गहइ छाँह सक सो न उड़ाई।
एहि बिधि सदा गगनचर खाई।।
(मानस, 5/2/3)
वह छाया को पकड़ लेती थी, जिससे जीव-जंतु उड़ नहीं पाते थे, उनकी गति कुंठित हो जाती थी। इसी प्रकार गगनचरों को, आकाश में उड़नेवालों को खा लिया करती थी।
सोइ छल हनूमान कहँ कीन्हा।
तासु कपटु कपि तरतहिं चीन्हा।।
(मानस, 5/2/4)
वही छल उसने हनुमान के साथ किया। उसके कपटाचरण को हनुमान ने तुरंत पहचान लिया, फिर तो-
ताहि मारि मारूतसुत बीरा।
बारिधि पार गयउ मतिधीरा।।
(मानस, 5/2/5)
तुरंत उसे मारकर हनुमान समुद्र पार कर गए। वैराग्य ही हनुमान है- मान और सम्मान का हनन करनेवाला है, इसलिए वैराग्यरूपी हनुमान। पक्षी उड़ता तो आकाश में है किंतु जमीन का सहारा लेता है। केवल वैराग्यवान पुरुष ही इस संसार-सिन्धु के ऊपर उड़ान भरता है। वह भवसिन्धु से ऊपर उठना चाहता है, उठता भी है और क्रमश: उत्थान करते-करते परमतत्त्व परमात्मा में, भव से परे सत्ता में विलय पा जाता है।
जब पथिक चलता है तब,
‘निसिचरि एक सिन्धु महुँ रहई ।’- दूसरों की इच्छाशक्ति ही निशिचरी है। कोई अच्छा साधक अपनी साधना में अग्रसर होता जाता है तो दूसरे लोग मायिक विचारों को लेकर उससे टकराने लगते हैं। महिलाओं के लिए पुरुष या पुरुषों के लिए महिलायें ऐसा सोचने लगती हैं कि, “बाबा तो बड़े अच्छे हैं। न जाने कब से कटिबद्ध हैं, ब्रह्मचर्य का पालन कर रहे हैं कितने अच्छे हैं। हमारे संगी साथी रहे होते तो कितना अच्छा होता।”- बस विषय की भयंकर वेदना लेकर वह चिंतन करेंगी। तहाँ उनका चिंतन ज्यों-का-त्यों वैराग्यवान् पुरुष के शान्त चित्त से टकरायेगा; क्योंकि चित्त तो सबका एक ही है। साधक यह निर्णय नहीं कर पाता कि ऐसा चिंतन आया कहाँ से। तुरंत उसी चिंतन से वह आक्रांत हो जाता है। वही भाव पनपते-पनपते कुछ ही समय में साधक को इसी संसाररूपी समुद्र में गिरा देता है। संसार ही समुद्र है। जिसमें विषयरूपी जल भरा है; किंतु–
बार बार रघुबीर सँभारी।
तरकेउ पवनतनय बल भारी।।
(मानस, 5/मंगलाचरण, चौ० 6)
जो निरंतर भगवान का स्मरण करता रहता है, जिसमें इष्ट का बल है, जो इष्ट के इशारों पर चलनेवाला है, उस विरक्त पुरुष में तुरंत इस छल को पहचानने की क्षमता होगी कि हमारे चिंतन तो गंदे थे ही नहीं, फिर ये कहाँ से आ रहे हैं? जिसके अंदर इस चिंतन के विभाजन के क्षमता होती है, अपने और पराये चिंतन को जो पहचानने लगता है, उसके ऊपर से इस संकल्पजनित संगदोष का प्रभाव टल जाता है। साधक जान जाता है कि ऐसा बुरा संकल्प कौन कर रहा है? जब चिंतन हमारा है ही नहीं, किसी अन्य की मन:स्थिति टकरा रही है। दुनिया में सब विषयी ही तो हैं, वे कुछ भी सोच सकते हैं; क्योंकि वे उसी क्षेत्र में खड़े हैं, उसी वायुमंडल में हैं और वे करेंगे भी क्या? अतः उन्हें माँ अथवा बहन कह दें, तो फिर संकल्पों की लहर जो साधक से टकरा रही थी, समाप्त हो जाती है। उनकी भाव-भंगिमा बदल जाती है।
संसाररूपी सिंधु में विषय-रस से ओत-प्रोत दूसरों की इच्छाशक्ति साधक के चित्त को पकड़ती है। यही परछाईं का पकड़ना है। जब साधक का चित्त विषय-चिंतन में आवृत्त होने लगता है तो वे संस्कार बन जाते हैं। परिणामत: वह श्रेय साधन से गिर जाता है; किंतु जिस साधक में इष्ट का बल है, अनुभवी आधार पर संकल्पों के विभाजन के क्षमता है, वह इसको सहज ही पार करके आगे निकल जाता है। साधक जानता है कि दुनिया प्राय: वही चिंतन करेगी जिसमें वह लिप्त है। जिसे सर्प ने काटा है, उसे लहर तो आयेगी ही। साधक भी तो पहले दुनिया में रहकर यही सब चिंतन करता था। जहाँ संकल्पों के विभाजन के क्षमता आयी, सांसारिक संकल्पों की लहर साधक के मन से विलग हो जाती है; किंतु यह क्षमता इष्ट को हृदय में सतत सँजोनेवाले साधक में प्रभु की कृपा द्वारा ही आती है। इष्ट द्वारा प्रदत्त अनुभव के बल पर ही साधक ऐसा कर पाता है।
ताहि मारि मारूतसुत बीरा। बारिधि पार गयउ मतिधीरा।।
अतः भजन करो। वे दया के सागर हैं। तुम भी पाओगे।
~स्वामी श्री अड़गड़ानन्द जी परमहंस।©
विनयावनत,
~मृत्युञ्जयानन्द।
                                                                                  🙇🙇🙇🙇🙇
May be an image of 2 people
Bookmark the permalink.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.